दिल्ली के तापमान में छह दिनों में पांच डिग्री का इजाफा हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को इसमें एक डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि, इससे तापमान में बहुत गिरावट की उम्मीद नहीं है।
पश्चिमी विक्षोभ और उच्च हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली हवा के चलते 10 फरवरी तक दिल्ली का तापमान लगातार सामान्य से नीचे बना था। हवा के रुख में बदलाव, हवाओं की गति तेज होने के चलते दिल्ली में 10 तारीख के बाद तापमान में तेजी से इजाफा हुआ है। यहां तक की बीते दस दिनों में तापमान में पांच डिग्री से ज्यादा का इजाफा हुआ है।
गुरुवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। पालम में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं सफदजंग में भी तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में आमतौर पर फरवरी के महीने से गर्मी की शुरुआत का अहसास होने लगता है। लेकिन, इस बार सर्दियों का आलम लगातार बना हुआ है। खासतौर पर सुबह के समय लोगों को खासी ठंड का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अब मौसम ने बदलना शुरू कर दिया है और जल्दी ही गर्मी का अहसास होने लगेगा।